


भागलपुर। बिहारी कन्या मध्य विद्यालय, मिरजानहाट में 25 मई से 30 मई तक आयोजित छह दिवसीय माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ। अभियान का उद्देश्य किशोरियों एवं समुदाय के बीच माहवारी स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इससे जुड़े सामाजिक मिथकों और भ्रांतियों को दूर करना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व नोडल शिक्षिका सह प्रधानाध्यापिका सुमन सोनी ने किया। इस दौरान छात्राओं को माहवारी से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा स्वच्छ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।
प्रधानाध्यापिका सुमन सोनी ने कहा कि “माहवारी कोई शर्म या लज्जा का विषय नहीं, बल्कि प्रकृति का एक महत्वपूर्ण वरदान है। प्रत्येक किशोरी को माहवारी शुरू होने से पहले इसकी सही जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि वह बिना किसी डर या संकोच के इस प्राकृतिक प्रक्रिया को समझ सके।”
उन्होंने छात्राओं को स्वच्छ सैनिटरी नैपकिन के उपयोग, उसके सुरक्षित निपटान तथा माहवारी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से ही समाज में व्याप्त गलत धारणाओं और वर्जनाओं को समाप्त किया जा सकता है।
अभियान के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, संवाद सत्रों एवं स्वास्थ्य संबंधी चर्चाओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका अर्पिता राज, पुष्पा कुमारी, पिंकी कुमारी, टुन्नी कुमारी तथा शिक्षक आशीष कुमार, चिरंजीवी राज और नौशाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन अवसर पर प्रधानाध्यापिका सुमन सोनी ने विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, कर्मियों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान किशोरियों के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
















