5
(1)

1000 से अधिक बच्चों ने कराया पंजीकरण

पूर्णिया। किलकारी बिहार बाल भवन, पूर्णिया में रविवार से बहुप्रतीक्षित समर कैंप 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कैंप में कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य, खेलकूद, विज्ञान, हस्तशिल्प, रचनात्मक गतिविधियों एवं पारंपरिक खेलों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाएगा।

किलकारी के प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक रोशन राणा ने बताया कि समर कैंप को लेकर बच्चों और अभिभावकों में इस वर्ष विशेष उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि 30 मई तक चली पंजीकरण प्रक्रिया में 1000 से अधिक बच्चों ने अपना नाम दर्ज कराया, जो किलकारी के प्रति बढ़ते विश्वास और लोकप्रियता का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बच्चों में कैंप को लेकर काफी उत्सुकता थी। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए कौशल सीखने और रचनात्मक वातावरण में समय बिताने का अवसर मिलेगा। कैंप के दौरान अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को बढ़ावा मिल सके।

समर कैंप के पहले दिन किलकारी परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे बच्चों ने विभिन्न सत्रों में भाग लेकर प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में नई-नई गतिविधियों का आनंद लिया। इस दौरान बच्चों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने रहे, जहां विभिन्न विधाओं से जुड़े बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कैंप के सफल संचालन के लिए बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

समर कैंप के आयोजन में किलकारी के प्रशिक्षकों, कला एवं खेल विशेषज्ञों तथा सभी अधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति ने बताया कि कैंप के दौरान बच्चों को सीखने के साथ-साथ मनोरंजन और व्यक्तित्व विकास के भरपूर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

किलकारी परिवार ने विश्वास जताया कि समर कैंप 2026 बच्चों के लिए नई प्रतिभाओं को पहचानने, नए मित्र बनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और रचनात्मक सोच विकसित करने का एक यादगार मंच साबित होगा। यह शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: