


कहा- जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
पूर्णिया नगर निगम और रजीगंज पंचायत में आयोजित शिविर का किया निरीक्षण, लाभुकों को वितरित किए प्रमाण पत्र एवं योजनाओं का लाभ
पूर्णिया, 02 जून। बिहार सरकार के निर्देशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सरकारी सहयोग शिविर का मंगलवार को पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। विधायक ने पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के अंचित साह उच्च विद्यालय, बेलौरी परिसर तथा पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत रजीगंज पंचायत भवन में आयोजित शिविरों का जायजा लिया और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, बल्कि उनके घर के निकट ही सभी आवश्यक सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों और नगर निकायों में सरकारी सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
विधायक ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, आधार कार्ड, जॉब कार्ड, विभिन्न पेंशन योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, होल्डिंग टैक्स, नल-जल योजना, एलईडी स्ट्रीट लाइट, सड़क एवं नाला निर्माण, साफ-सफाई, बिजली, शिक्षा, कृषि, जीविका, कौशल विकास, स्वास्थ्य कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं आवेदनों का समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रजीगंज पंचायत भवन में आयोजित शिविर में कुल 472 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 464 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। यह प्रशासन की तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
निरीक्षण के दौरान विधायक विजय खेमका ने कई लाभुकों को राशन कार्ड, जॉब कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, ई-श्रम कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज भी वितरित किए। लाभुकों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से उन्हें बिना किसी परेशानी के सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त हुआ।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी नागरिक को सरकारी सुविधा प्राप्त करने के लिए दलालों या बिचौलियों का सहारा लेने की आवश्यकता नहीं है। यदि कहीं भी भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी की शिकायत मिलती है तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दी जानी चाहिए, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान और बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सहयोग शिविर जनसुनवाई और समस्या समाधान का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहे हैं, जिससे प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है।
शिविर में जिला प्रशासन के अपर समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर आयुक्त, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, एनडीए कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी शिविर में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।













