5
(3)

 

छात्रहित, सामाजिक न्याय और जनसरोकारों के मुद्दों पर कार्यकर्ताओं व आमजन से किया संवाद

पूर्णिया । बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार के पूर्णिया दौरे के दौरान संगठन सृजन अभियान, छात्रहित, सामाजिक न्याय एवं जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उनके आगमन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।

मंगलवार देर शाम पूर्णिया पहुंचने पर सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्णिया विश्वविद्यालय के छात्र नेता पीयूष पुजारा से मुलाकात की, जो छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर पिछले चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। राजेश कुमार ने छात्रों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए कहा कि शिक्षा और छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ पहल होनी चाहिए।

इसके उपरांत जिला अतिथि गृह में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बुधवार को गोकुल कृष्ण आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कदवा के पूर्व विधायक डॉ. शकील अहमद विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थकों ने भाग लिया।

अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा का इतिहास रहा है तथा पार्टी हमेशा गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज बनकर खड़ी रही है।

दौरे के क्रम में पूर्णिया पूर्व प्रखंड के बिरपुर और लोखरा में जनसंवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने का कार्य करेगी।

राजेश कुमार ने कहा कि दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और कमजोर वर्गों ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। इन वर्गों की समस्याओं का समाधान कांग्रेस की प्राथमिकता है।

कदवा के पूर्व विधायक डॉ. शकील अहमद ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

वहीं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का नेतृत्व और जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रियता कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके मार्गदर्शन में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा जनता की आवाज को बुलंद करेगा।

कार्यक्रम के अंत में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने तथा जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।

मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार आदित्य, अफरोज आलम, डॉ. शकील अहमद, अनिल राम, विजेंद्र यादव, इरफान आलम, देव नारायण रजक, सत्तार आलम, महेंद्र साह, परवेज आलम, पप्पू पासवान, मो. गुलाब हुसैन, मो. तौकिर रियाज, बहादुर यादव, वसीम अकरम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: