


₹3,936 करोड़ की मेगा परियोजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी, लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
पूर्णिया संवाददाता। कोसी और सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली एक बड़ी सौगात केंद्र सरकार ने दी है। वर्षों से लंबित और बहुप्रतीक्षित खगड़िया-पूर्णिया खंड स्थित एनएच-31 एवं एनएच-231 को चार लेन में उन्नत करने की ₹3,936 करोड़ से अधिक की महत्वाकांक्षी परियोजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी प्रदान कर दी है। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है।

पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इस उपलब्धि को कोसी-सीमांचल की जनता की जीत बताते हुए कहा कि यह सिर्फ सड़क निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास का नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क की मांग को लेकर उन्होंने लगातार केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष मामला उठाया था। कई बार मुलाकात, पत्राचार और संसद में आवाज बुलंद करने के बाद यह मंजूरी मिल सकी है।

सांसद ने कहा कि वर्तमान में एनएच-31 और एनएच-231 पर भारी यातायात दबाव के कारण लोगों को जाम, दुर्घटनाओं और लंबी यात्रा अवधि जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। फोरलेन निर्माण के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि व्यापार, कृषि, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना का सीधा लाभ पूर्णिया, खगड़िया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल सहित पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र को मिलेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, मालवाहक वाहनों की आवाजाही तेज होगी और निवेश की नई संभावनाएं विकसित होंगी।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मजबूत सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं। यह परियोजना रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी और सीमांचल को देश के प्रमुख आर्थिक गलियारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी व्यापक बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोसी-सीमांचल के विकास के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। क्षेत्र की अन्य लंबित सड़क, रेल और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को भी जल्द स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कोसी-सीमांचल के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया है।















