5
(4)

 

कटिहार और पूर्णिया में अनियमित बिजली कटौती पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

कटिहार संवाददाता। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार एवं पूर्णिया विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में लगातार हो रही अनियमित बिजली कटौती पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) के प्रबंध निदेशक तथा पूर्णिया के विद्युत अधीक्षण अभियंता से सीधे बातचीत कर दोनों जिलों में अविलंब नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा सीमांचल क्षेत्र भीषण गर्मी और उमस की चपेट में है। ऐसे समय में बार-बार बिजली बाधित होना आम लोगों की परेशानी को कई गुना बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्याओं का हवाला देकर कटिहार और पूर्णिया के उपभोक्ताओं को लगातार बिजली संकट झेलने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो चिंताजनक है।

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिजली केवल सुविधा नहीं बल्कि आम जनता की बुनियादी आवश्यकता बन चुकी है। घरों, अस्पतालों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, किसानों और विद्यार्थियों पर इसका सीधा असर पड़ता है। ऐसे में विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करे।

उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में तकनीकी खामियों का बहाना बनाकर जनता को परेशान करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान करना चाहिए।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि तकनीकी कमियों को दूर कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभाग को युद्धस्तर पर कार्य करते हुए ग्रिड, ट्रांसमिशन लाइन एवं अन्य तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया।

श्री प्रसाद ने कहा कि आम जनता को इस भीषण गर्मी में बिजली संकट से राहत दिलाना सरकार और विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर कटिहार और पूर्णिया सहित पूरे क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर वे लगातार सजग हैं और क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। बिजली आपूर्ति में सुधार को लेकर वे स्वयं भी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: