


परिजनों को बंधाया ढांढस, सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
पूर्णिया । पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत विक्रमपुर पंचायत के महेंद्रपुर पलासी टोला निवासी एवं भाजपा परिवार से जुड़े बिंदेश्वरी ऋषिदेव के आकस्मिक निधन पर सदर विधायक विजय खेमका बुधवार को उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
विधायक ने दिवंगत बिंदेश्वरी ऋषिदेव की पत्नी, पुत्र एवं अन्य परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुखद घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि मृतक के परिवार को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) को निर्देश दिया कि जॉब कार्डधारी बिंदेश्वरी ऋषिदेव के आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाली सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
विधायक ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और ऐसी कठिन परिस्थितियों में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
मातमपूर्ति के दौरान भाजपा नेता राजेंद्र सिंह, अजय सिंह, रविंद्र मालाकार, अरविंद कुमार सिंह, अमर सिंह, सुरेंद्र ऋषि, सूरज ऋषिदेव, कन्हैया कुमार, आदित्य कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।














