


युवक की हत्या के बाद अस्पताल में मचा कोहराम, परिजनों के चीत्कार से गमगीन हुआ माहौल
नवगछिया संवाददाता। गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया चौक पर बुधवार की रात हुई युवक की हत्या के बाद अनुमंडल अस्पताल नवगछिया का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। जैसे ही पुलिस शव को लेकर अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को मिली, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।
मृतक की पत्नी उषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार विलाप करते हुए कह रही थीं, “पहिले धमकी देलकै… आब मारिए देलकै…”। पति की हत्या की खबर सुनकर उषा देवी कई बार बेहोश हो गईं। अस्पताल परिसर में मौजूद लोग भी यह मर्मांतक दृश्य देखकर भावुक हो उठे। पत्नी के चीत्कार और बच्चों के करुण क्रंदन से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
मृतक के दोनों पुत्र भी पिता का शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगे। परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे थे। ग्रामीणों के अनुसार मृतक परिवार का मुख्य सहारा था और उसकी असामयिक मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार की रात करीब 9:30 बजे गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया चौक के समीप बाइक से घर लौट रहे एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले के उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम सभी बिंदुओं पर गहन अनुसंधान कर रही है तथा जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे पोखरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मृतक परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।















