5
(5)

नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव में आम के बगीचे को लेकर दबंगई और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। एक किसान ने आरोप लगाया है कि उसके बगीचे से जबरन आम तोड़े जा रहे थे। विरोध करने पर आरोपितों ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि थ्रीनट के बट से हमला कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपितों ने कथित रूप से पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग करते हुए केस करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। मामले को लेकर पीड़ित किसान ने नवगछिया पुलिस अधीक्षक और गोपालपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित किसान वासो प्रसाद यादव पिता स्व. महावीर प्रसाद यादव , निवासी लतरा ने अपने आवेदन में बताया है कि 3 जून की शाम लगभग 5:15 बजे वह अपने आम के बगीचे का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गांव के ही कुछ लोग उनके बगीचे में घुसकर आम तोड़ रहे हैं। किसान के अनुसार सेवानिवृत्त सेना के जवान सुभाष कुमार, रूपेश कुमार तथा कुछ अन्य अज्ञात लोग बिना अनुमति उनके बगीचे से आम तोड़ रहे थे।

किसान ने जब इसका विरोध किया और आम तोड़ने से मना किया तो आरोपित भड़क गए। पीड़ित का आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए। आरोपितों ने लात-घूंसों से हमला किया तथा थ्रीनट के बट से सिर और शरीर पर प्रहार कर घायल कर दिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

वासो प्रसाद यादव ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उनसे पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की। साथ ही कहा कि यदि उन्होंने पुलिस या प्रशासन के समक्ष शिकायत की तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। किसान का दावा है कि आरोपितों द्वारा दी गई धमकियों का ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास सुरक्षित है, जिसे वह जांच के दौरान पुलिस को सौंप सकते हैं।

घटना के बाद किसान और उनके परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित ने कहा कि आरोपित प्रभावशाली लोग हैं और लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति और बगीचे में घुसकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जाएगा तो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होंगे। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: