5
(1)

बच्चों को मंजूषा कला, योग, ताइक्वांडो, संगीत एवं शारीरिक फिटनेस का दिया जाएगा प्रशिक्षण

 

नवगछिया । अंग क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं लोककला के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंजूषा कला परिषद केंद्र, भागलपुर के तत्वावधान में नवगछिया विकास समिति एवं बिहुला विषहरी पूजा समिति द्वारा आयोजित “मंजूषा समर कैंप 2026” का शुभारंभ शुक्रवार को बाल भारती विद्यालय, नवगछिया में किया गया। पांच दिवसीय इस निशुल्क प्रशिक्षण शिविर में करीब 60 बच्चों को विभिन्न कलात्मक, सांस्कृतिक एवं शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव अभय प्रकाश मुनका, लायंस क्लब अध्यक्ष प्रवीण कुमार केजरीवाल, ताइक्वांडो संघ के जिला महासचिव सह प्रशिक्षक घनश्याम प्रसाद, वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत पांडेय, प्राचार्य कौशल जायसवाल, योग के राष्ट्रीय खिलाड़ी धर्मचंद भगत तथा यूट्यूबर विशाल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। मंजूषा कला केवल एक चित्रकला नहीं, बल्कि अंग क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक मुकेश राणा ने बताया कि समर कैंप में बच्चों को नवगछिया की गौरवगाथा और बिहुला-विषहरी लोककथा से जुड़ी विश्वप्रसिद्ध मंजूषा कला का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ-साथ बच्चों को योग, शारीरिक फिटनेस, खेल गतिविधियां, ताइक्वांडो (मार्शल आर्ट) तथा संगीत और स्वर साधना का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके।

उन्होंने कहा कि मंजूषा कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है। हाल ही में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में भागलपुर के मंजूषा कलाकार को सम्मानित किया जाना पूरे अंग क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इससे इस लोककला को नई ऊर्जा और पहचान मिली है।

समर कैंप में बच्चों को कला और संस्कृति के साथ-साथ अनुशासन, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य एवं रचनात्मक सोच का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कन्हैया कुमार, राकेश साह, राशि कुमारी, प्रमोद मालाकार एवं अनीष यादव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उद्घाटन समारोह के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में कैंप के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रशिक्षण सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

 

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने बच्चों को मन लगाकर प्रशिक्षण लेने तथा अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: