5
(1)

नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया चौक पर हुई श्याम साह की हत्या के बाद सामाजिक और राजनीतिक संगठनों का पीड़ित परिवार के घर पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।

 

राजेंद्र यादव ने मृतक श्याम साह की पत्नी उषा देवी, उनके छोटे-छोटे बच्चों एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवार इस समय अत्यंत कठिन दौर से गुजर रहा है और समाज को इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा होना चाहिए।

 

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद राजेंद्र यादव ने सरकार एवं जिला प्रशासन से अपराधियों के विरुद्ध अविलंब कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े अथवा सार्वजनिक स्थलों पर हो रही आपराधिक घटनाएं आम लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर रही हैं। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाना आवश्यक है।

 

उन्होंने मांग की कि मृतक श्याम साह के आश्रितों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा परिवार के भरण-पोषण को देखते हुए एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग सरकार से की।

 

राजेंद्र यादव ने कहा कि श्याम साह की हत्या से परिवार के समक्ष आर्थिक और सामाजिक संकट उत्पन्न हो गया है। मृतक अपने परिवार के मुख्य सहारा थे और उनके निधन से पत्नी एवं बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ है। ऐसे में सरकार को मानवीय आधार पर परिवार की हरसंभव सहायता करनी चाहिए।

 

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आजाद हिंद मोर्चा जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी श्याम साह हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: