


भागलपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाथनगर थाना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तीन अवैध हथियार और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 जून को नाथनगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुरेश मंडल नामक व्यक्ति अपने पास अवैध हथियार रखे हुए है और किसी गंभीर आपराधिक घटना की योजना बना रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने उसका सत्यापन कराया। सूचना सही पाए जाने के बाद एसडीपीओ सिटी-2 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के संभावित ठिकाने पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी राइफल, एक देसी कट्टा, एक देसी बंदूक तथा सात जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामदगी के बाद सुरेश मंडल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस संबंध में नाथनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार कहां से प्राप्त किए और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही उसके संभावित आपराधिक नेटवर्क और पूर्व के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















