


भागलपुर । विक्रमशिला सेतु पर निर्मित बेली ब्रिज के संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद 7 जून से बेली ब्रिज पर वाहनों के परिचालन की अनुमति दे दी है। आज पूर्वाह्न 11 बजे से छोटे चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बेली ब्रिज के उद्घाटन से पहले शनिवार को पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी भी मौजूद रहे। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यातायात संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
इसके बाद पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने भी बेली ब्रिज का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की।
शनिवार की संध्या जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से बेली ब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा प्रबंध, ट्रैफिक संचालन, संकेतक व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मौके पर तैनात कर्मियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

जिला प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक चरण में बेली ब्रिज से केवल छोटे चारपहिया वाहनों का परिचालन किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे विक्रमशिला सेतु क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और आम लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीम लगातार निगरानी रखेगी।

बेली ब्रिज के शुरू होने से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले कई दिनों से यातायात प्रभावित होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब बेली ब्रिज के चालू होने से आवागमन सामान्य होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















