


भागलपुर। खेल भवन सह व्यायामशाला, भागलपुर में आयोजित 16वीं बिहार राज्य सब जूनियर एवं जूनियर वुशू प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के 21 जिलों से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ जीवनशैली किसी भी खिलाड़ी की सबसे बड़ी पूंजी होती है। खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।

भागलपुर वुशू संघ के महासचिव राजेश कुमार साह ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 7 जून तक किया गया। प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
संशोऊ (फाइटिंग) स्पर्धा में मुजफ्फरपुर प्रथम, सीतामढ़ी द्वितीय तथा भोजपुर तृतीय स्थान पर रहा। वहीं ताओलु स्पर्धा में मुजफ्फरपुर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि भोजपुर दूसरे और पटना तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, बिहार वुशू संघ के महासचिव सुमन मिश्रा, भागलपुर वुशू संघ के संरक्षक डॉ. तपन घोष, डॉ. पवन पोद्दार, अध्यक्ष राजीवकांत मिश्रा, संयुक्त सचिव राजीव रंजन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ईशा मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
















