5
(1)

यूको बैंक अधिकारियों से ऋण में राहत देने का किया आग्रह

पूर्णिया। चंपानगर बाजार में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित चौधरी बंधुओं के परिवार को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने आर्थिक सहायता प्रदान कर नई उम्मीद जगाई है। सांसद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही यूको बैंक के अधिकारियों से बातचीत कर ऋण भुगतान में राहत देने का भी आग्रह किया।

ज्ञात हो कि चंपानगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित चंपानगर बाजार में मुकेश चौधरी एवं विशाल चौधरी की हार्डवेयर दुकान में हाल ही में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में दुकान में रखे हार्डवेयर सामान, मोटर, रंग निर्माण मशीन, चापाकल, समरसेबल पंप सहित लाखों रुपये मूल्य की सामग्री जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार अग्निकांड में लगभग 50 लाख से एक करोड़ रुपये तक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

बताया जाता है कि दोनों भाइयों ने दिल्ली में वर्षों तक मेहनत-मजदूरी कर अपनी कमाई से गांव में यह व्यवसाय स्थापित किया था। यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर सांसद पप्पू यादव चंपानगर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए इस तरह की क्षति अत्यंत पीड़ादायक होती है और ऐसे समय में समाज तथा जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे पीड़ितों के साथ खड़े रहें।

सांसद ने अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि यह सहयोग केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि परिवार को फिर से खड़ा होने का विश्वास दिलाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी विपत्ति उनके अपने परिवार पर आती तो वे जिस प्रकार साथ खड़े होते, उसी भावना से चौधरी परिवार के साथ हैं।

इस दौरान सांसद ने यूको बैंक के जोनल मैनेजर एवं चंपानगर शाखा प्रबंधक से दूरभाष पर बातचीत कर पीड़ित परिवार को लिए गए ऋण में राहत देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बैंक की सकारात्मक पहल से परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सकती है।

मौके पर पंचायत अध्यक्ष निर्भय सिंह, पूर्व मुखिया विजय प्रकाश, ब्रह्मदेव मेहता, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, मुन्ना यादव, संजय यादव, राजेश पाठक, विष्णु चौधरी, घनश्याम चौधरी, रमेश साह, पप्पू मंडल, गांधी मंडल, करण यादव, संगम यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने सांसद के इस कदम को मानवीय संवेदना और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कठिन समय में पीड़ित परिवार का हाथ थामकर सांसद पप्पू यादव ने यह संदेश दिया है कि जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान जनता के सुख-दुःख में साथ खड़े होने से होती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: