


सुल्तानगंज और शाहकुंड प्रखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना
भागलपुर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने सुल्तानगंज एवं शाहकुंड प्रखंड मुख्यालय परिसर में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बिहार सरकार और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की गई तथा मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा गया।
सुल्तानगंज में धरना का नेतृत्व राजद प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद यादव तथा शाहकुंड में प्रखंड अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु एवं राजद के वरिष्ठ नेता रामचंद्र चौधरी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने सरकार से जनहित के मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की मांग की।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में विफल रही है। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा हरे गमछे के कथित अपमान का मुद्दा उठाते हुए इसकी आलोचना की गई।
धरना-प्रदर्शन में अरविंद यादव, शशिर कुमार सिंह, नटबिहारी मंडल, मो. मेराज, अफरोज आलम, मंजीत ठाकुर, अनिरुद्ध यादव, मो. मंजूर आलम, डॉ. नईमुद्दीन, सदानंद यादव, सकलदेव यादव, बिकेष कुमार सन्नी, विजय यादव, विभूति यादव समेत बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद थे।
















