


खिलाड़ियों ने पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, खेल जगत की अपूरणीय क्षति बताया
भागलपुर ।
देश के प्रसिद्ध निशानेबाज एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल प्रशिक्षक जसपाल राणा के निधन पर शुक्रवार को बिहपुर रेलवे इंजीनियरिंग मैदान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नवगछिया पुलिस जिला बाल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में किया गया, जिसमें खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा का नेतृत्व राज्य प्रवक्ता सह जिला सचिव ज्ञानदेव कुमार ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन शिक्षक घनश्याम कुमार ने किया। उपस्थित खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने दिवंगत जसपाल राणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी जगत का एक चमकता सितारा थे। उन्होंने अपने खेल जीवन में देश को कई गौरवपूर्ण उपलब्धियां दिलाईं और बाद में एक सफल प्रशिक्षक के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। बताया गया कि वे वर्ष 2024 के पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर के कोच भी रहे थे। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की।
वक्ताओं ने कहा कि जसपाल राणा का निधन भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी उपलब्धियां और खेल के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राहुल कुमार, अंकित कुमार शर्मा, राजीव कुमार, मन्नू कुमार, शिवम कुमार, मो. चांद, गोल्डन कुमार, अजीत कुमार, रवि राहुल कुमार, सन्नी कुमार, आदित्य राज, राजा कुमार सहित कई खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी रही।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी खिलाड़ियों ने दिवंगत खेल गुरु के सपनों को आगे बढ़ाने और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
















