


एक दिन पहले ससुराल आया था युवक, पड़ोसी ने लगाया मोबाइल चोरी का आरोप; पुलिस ने खोखा बरामद कर शुरू की जांच
सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक को मोबाइल चोरी का दोषी ठहराते हुए गोली मार दी गई। गोली युवक की जांघ में लगी और आर-पार निकल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान पतरघट थाना क्षेत्र के गोलमा पूर्वी पंचायत स्थित घोघनपट्टी वार्ड संख्या-3 निवासी परमानंद यादव के 25 वर्षीय पुत्र मंजेश कुमार यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंजेश शुक्रवार की शाम अपने ससुराल बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर वार्ड संख्या-5 आया था और रात वहीं रुका था। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाले सन्नी नामक युवक का मोबाइल फोन गायब हो गया। मोबाइल चोरी को लेकर आसपास के लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया।
घायल मंजेश ने बताया कि विवाद की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर भी मोबाइल चोरी का आरोप लगाना शुरू कर दिया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो उठा। मंजेश का आरोप है कि इसी दौरान आरोपित पक्ष की ओर से गोली चला दी गई, जो उसकी दाहिनी जांघ में लगी और आर-पार निकल गई।
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है। वहीं परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
















