


आईपीएल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रबंधन तक बनाई अलग पहचान, खेल जगत में हो रही सराहना
भागलपुर : बिहार के भागलपुर जिले के युवा तेज गेंदबाज एवं क्रिकेट प्रोफेशनल आकाश कुमार ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और क्रिकेट के प्रति समर्पण के दम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। खिलाड़ी के रूप में सफलता हासिल करने के साथ-साथ उन्होंने स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और क्रिकेट संचालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का गौरव हासिल किया है।
आकाश कुमार के क्रिकेट करियर में वर्ष 2022 एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ, जब उन्हें विश्व की सबसे प्रतिष्ठित टी-20 लीग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने रिजर्व खिलाड़ी के रूप में अपनी टीम से जोड़ा। आईपीएल जैसी बड़ी प्रतियोगिता का हिस्सा बनना उनके करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि रही, जिसने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
वर्तमान में आकाश कुमार विश्व की पहली प्रो-एम बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) की टीम नॉर्दर्न चैलेंजर्स से जुड़े हुए हैं। यहां वे सिर्फ खिलाड़ी के रूप में ही नहीं, बल्कि टीम मैनेजमेंट और क्रिकेट संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं। उनकी टीम में विश्व क्रिकेट के कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें क्रिस गेल, हरभजन सिंह, तिलकरत्ने दिलशान, फिल मस्टर्ड, ऋषि धवन और सुबोध भाटी जैसे नाम प्रमुख हैं। वहीं लीग में शिखर धवन, एस. श्रीसंत और हर्शल गिब्स जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे भी हिस्सा ले रहे हैं।
इससे पहले आकाश कुमार एमसीएल (गोवा थंडर्स) टीम का हिस्सा रह चुके हैं, जहां उन्होंने तेज गेंदबाज के रूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें ऑस्ट्रेलिया के विल बोसिस्टो, श्रीलंका के लियो फ्रांसिस्को तथा भारतीय क्रिकेटर प्रियांक पांचाल जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिला। यह अनुभव उनके क्रिकेट जीवन में काफी महत्वपूर्ण साबित हुआ।
केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक सफल आयोजक और प्रबंधक के रूप में भी आकाश ने अपनी क्षमता साबित की है। भागलपुर क्रिकेट लीग में त्रिलोकीनाथ टाइगर्स टीम के सफल प्रबंधन के माध्यम से उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल का भी उत्कृष्ट परिचय दिया।
भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत नगरह नवटोलिया निवासी तथा सुभाष मंडल के पुत्र आकाश कुमार की यह उपलब्धि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय बन गई है। सीमित संसाधनों के बीच संघर्ष करते हुए उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो गांव और छोटे शहरों के युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
आकाश कुमार की इस सफलता पर अधिवक्ता भोला कुमार मंडल, राजेंद्र कुमार, रविरंजन कुमार, पिंटू कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार, आयुष, अंकित कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि आकाश आने वाले दिनों में बिहार और देश का नाम वैश्विक मंच पर और अधिक ऊंचा करेंगे।
















