5
(1)

सुरक्षा व सुगम आवागमन को लेकर दिए कई निर्देश

सुरक्षाकर्मियों के लिए शेड, शौचालय, पेयजल व विश्राम की व्यवस्था बढ़ाने का निर्देश

भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को विक्रमशिला सेतु पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया और यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा पुल पर तैनात कर्मियों की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात को अधिक सुगम एवं निर्बाध बनाने के साथ-साथ सुरक्षा कर्मियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नवगछिया की ओर सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों के लिए बनाए गए शेड का विस्तार करने का निर्देश दिया, ताकि भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में ड्यूटी कर रहे कर्मियों को राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने मल्टीपल यूरिनल युक्त शौचालय की व्यवस्था कराने को कहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक जरूरतों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़े।

डीएम ने कहा कि पुल पर तैनात कर्मियों की ड्यूटी एक-एक घंटे के अंतराल पर निर्धारित की जाए, ताकि लगातार धूप में खड़े रहने के बजाय वे समय-समय पर शेड में विश्राम कर सकें। उन्होंने शेड में शुद्ध पेयजल, इलेक्ट्रॉल पाउडर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

यातायात व्यवस्था की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को पर्याप्त पुलिस बल तथा बाइक आधारित क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि समय-समय पर पुल पर गश्त कर यातायात की स्थिति का आकलन किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करने वाले सभी ब्रेकर एवं रंबल स्ट्रिप्स को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुल पर यात्री वाहनों से उतरकर पैदल चलने लगते हैं, जिससे यातायात की गति प्रभावित होती है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

स्थलीय निरीक्षण के बाद समीक्षा भवन में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने नवगछिया पुलिस अधीक्षक को पुल के नवगछिया छोर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया। बैठक में नवगछिया पुलिस अधीक्षक ने कोटा केबिन की संख्या बढ़ाने तथा अतिरिक्त वॉशरूम की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया, जिस पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पुल के दोनों किनारों पर लगभग डेढ़ मीटर चौड़ी लेन मोटरसाइकिल चालकों के लिए चिह्नित की जाए, ताकि दोपहिया वाहनों का आवागमन लगातार जारी रह सके। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लेन से बाहर बाइक चलाने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

इसके अलावा नवगछिया की ओर भी पानी का टैंकर उपलब्ध कराने तथा पुल पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी पोस्टर एवं बैनर लगाने के निर्देश दिए गए। इन पोस्टरों के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि वे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं, लेन नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया जाएगा तथा पुल पर रील बनाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। जिलाधिकारी ने कहा कि चलती यातायात व्यवस्था के बीच रील बनाने या सड़क पर अनावश्यक गतिविधियां करने से गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए विक्रमशिला सेतु पर यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं बाधारहित बनाए रखने का निर्देश दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: