5
(1)

पूर्णिया। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पूर्णिया द्वारा मानवता की सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन के उद्देश्य से भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उच्च मुख्यालय के निर्देश एवं उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक महान एवं जीवनदायी कार्य है, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने सभी कार्मिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

इस मौके पर कमांडेंट (प्रशासन) जनार्दन मिश्र ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में रक्तदान ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद लोगों की सहायता होती है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रक्तदान शिविर सामाजिक सरोकारों के प्रति सशस्त्र सीमा बल की प्रतिबद्धता एवं जनसेवा के प्रति उसके समर्पण को दर्शाते हैं। शिविर में बड़ी संख्या में बलकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया।

रक्त संग्रहण की प्रक्रिया स्थानीय राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के चिकित्सकों तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।

शिविर के समापन अवसर पर अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने की शपथ ली तथा मानव सेवा के इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। रक्तदान शिविर का समापन उत्साह एवं जनसेवा की भावना के साथ संपन्न हुआ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: