


भुगतान को लेकर संघर्ष तेज, सहरसा में जुटेंगे जमाकर्ता और अभिकर्ता
सहरसा। सहारा इंडिया में जमा राशि के भुगतान को लेकर परेशान जमाकर्ताओं एवं अभिकर्ताओं की समस्याओं के समाधान और आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श के लिए 16 जून को सहरसा में एक विशेष सभा का आयोजन किया जाएगा। यह सभा विश्व भारती जन सेवा संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार, 16 जून 2026 को सुबह 11 बजे शंकर चौक स्थित मंदिर विवाह भवन की तीसरी मंजिल पर आयोजित होगी।
यह जानकारी संस्थान के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष कैशव कुमार चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि ऐसे जमाकर्ता जिन्होंने केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार सीआरसीएस रिफंड पोर्टल पर आवेदन किया है, लेकिन अब तक उन्हें भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है अथवा आंशिक भुगतान मिला है, वे इस सभा में शामिल होकर अपनी समस्याएं रख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सभा में सहारा इंडिया के अभिकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि भुगतान प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं और प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा की जा सके।
कैशव कुमार चौधरी ने कहा कि सभा में भाग लेने वाले सभी जमाकर्ता अपने साथ आधार कार्ड, सहारा इंडिया द्वारा जारी बांड अथवा अन्य संबंधित दस्तावेज तथा सीआरसीएस रिफंड पोर्टल पर किए गए आवेदन की छायाप्रति अवश्य लेकर आएं। बैठक के दौरान भुगतान संबंधी समस्याओं, लंबित दावों और आगे की कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने सहारा इंडिया के सभी पीड़ित जमाकर्ताओं एवं अभिकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सभा में भाग लेने की अपील की है। साथ ही लोगों से इस सूचना को सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक रूप से साझा करने का आग्रह किया है, ताकि कोई भी प्रभावित व्यक्ति इस महत्वपूर्ण बैठक की जानकारी से वंचित न रह जाए।
संस्थान के अनुसार, सहारा भुगतान से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संगठन स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
















