5
(2)

नवगछिया । विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तवीरों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शाखा की ओर से 26 जनवरी 2026 को आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके सेवा भाव और मानवता के प्रति समर्पण को सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक प्रसूता महिला के ऑपरेशन के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता होने पर शाखा की “ब्लड ऑन डिमांड” सेवा के तहत सदस्य दीपक शर्मा एवं रोशन यादुका ने भागलपुर पहुंचकर रक्तदान किया, जिससे जरूरतमंद को समय पर सहायता मिल सकी।

उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। रक्तदाताओं का निस्वार्थ समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है और ऐसे लोगों को सम्मानित करना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।

शाखा सचिव दीपक मावंडिया ने युवाओं एवं आम नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे बिना किसी नुकसान के किसी की जान बचाई जा सकती है।

उपकोषाध्यक्ष ओम यादुका ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिए जरूरत पड़ने पर रक्तदाताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। वहीं मारवाड़ी विवाह भवन के सचिव शंभू रुंगटा ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर मानव सेवा के इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में ओम यादुका, मानस चिरानिया, आयुष खेमका सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी रक्तदान और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़े।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: