


नवगछिया के मारवाड़ी विवाह भवन में शनिवार को नवगछिया केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (एनसीडीए) की ओर से वार्षिक आम बैठक एवं ज्ञान सत्र ‘अभ्युदय-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल क्षेत्र के करीब 200 केमिस्ट व्यवसायियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक औषधि नियंत्रक चंद्रकांत झा एवं औषधि निरीक्षक स्वर्णिमा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्वागताध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम के संयोजक रमेश कुमार चौधरी ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।
एनसीडीए के अध्यक्ष प्रवीण कुमार साह ने संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था ने सदस्यों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जोड़ने, यूएफआर पंजीकरण में सहयोग करने, सदस्यता प्रमाण-पत्र वितरित करने तथा औषधि प्रशासन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए संगठन द्वारा निकाली गई श्रद्धांजलि रैली का भी उल्लेख किया।
ज्ञान सत्र के दौरान औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने दवा व्यवसाय से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, शेड्यूल-एच1 रजिस्टर के संधारण, यूएफआर पंजीकरण प्रक्रिया, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा नकली दवाओं की पहचान एवं रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने व्यवसायियों से नियमों का पूरी पारदर्शिता के साथ पालन करने और जिम्मेदारीपूर्वक दवा कारोबार संचालित करने की अपील की।
इस अवसर पर संगठन के विकास एवं दवा व्यवसाय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। पुरुषोत्तम चौधरी ‘उत्तम’, विजय कुमार जैन, पुरुषोत्तम नारनोली, भगवती प्रसाद नारनोली, कांता प्रसाद जायसवाल, मृत्युंजय प्रसाद सिंह एवं अशोक कुमार यादव को ‘एनसीडीए केमिस्ट रत्न सम्मान’ एवं ‘एनसीडीए गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन सह-संयोजक मनोज कुमार साह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस मौके पर संगठन की सचिव शबनम कुमारी, कोषाध्यक्ष सौरभ कुमार गर्ग सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में दवा व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और नियमसम्मत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
















