5
(1)

पूर्णिया । पूर्णिया समाहरणालय के महानंदा सभागार में सोमवार को बिहार सरकार के मंत्री सह जिला प्रभारी रत्नेश सादा की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, आपदा प्रबंधन विभाग एवं जल-जीवन-हरियाली परामर्शदात्री समिति की समीक्षा बैठक में पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के पंचायतों और नगर निगम वार्डों में कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं राशि संबंधी जानकारी सीधे उपलब्ध कराने अथवा विशेष शिविर लगाकर वितरण सुनिश्चित करने की मांग की।

बैठक में उन्होंने नदियों के किनारे हो रहे अवैध मिट्टी कटाव का मुद्दा उठाते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की आवश्यकता बताई। साथ ही खनन विभाग द्वारा किसानों के ट्रैक्टर जब्त किए जाने एवं कथित उत्पीड़न के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। विधायक ने सिपाही टोला से नगर निगम वार्ड संख्या-4 स्थित बक्सा घाट तक बनाए गए कथित अवैध पुल निर्माण को गंभीर मामला बताते हुए इसकी जांच कर दोषियों की पहचान एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।

विजय खेमका ने शहर की नदियों, नालों और जल निकासी मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए कहा कि बाढ़ और जलजमाव की समस्या से बचने के लिए अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है। उन्होंने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि प्रतिमाह करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं दिख रही है।

उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगाए गए एलईडी लाइट पोलों पर टोल-फ्री नंबर अंकित करने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराने की भी मांग की। इस दौरान विधायक ने जनता से प्राप्त विभिन्न शिकायतों और आवेदनों का संकलन जिला प्रभारी मंत्री को सौंपा।

बैठक में मौजूद प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। बैठक के बाद मंत्री ने सखी वन स्टॉप सेंटर एवं जिला बीस सूत्री कार्यालय का उद्घाटन किया तथा आपदा प्रभावित लाभुकों के बीच सहायता राशि के चेक और दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: