5
(1)

पूर्णिया। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 10, 11 एवं 12 के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को मध्य विद्यालय उफरैल परिसर में द्वितीय सहयोग सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी, उप महापौर पल्लवी गुप्ता, नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम, वार्ड पार्षद किरण देवी, ममता सिंह एवं समाजसेवी भोला कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आयोजित यह दूसरा सहयोग सेवा शिविर है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी पात्रता के अनुसार सरकारी सुविधाएं और सेवाएं सरल, सुलभ एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल जनकल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है, जिससे आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

महापौर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहयोग सेवा शिविर इसी सोच का परिणाम है, जहां प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविर में पेयजल, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, भवन नक्शा स्वीकृति, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित नगर निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और समस्याओं के लिए आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। सभी आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाएगी तथा की गई कार्रवाई की जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

महापौर ने कहा कि नगर निगम आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके बावजूद यदि किसी व्यक्ति की समस्या लंबित रह गई है तो सहयोग सेवा शिविर उसके समाधान का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखें।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम कार्यालय के अतिरिक्त उनके आवास पर भी आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर सीधे पहुंच सकते हैं। नगर निगम की ओर से प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न नागरिक सुविधाओं से संबंधित आवेदन जमा किए और अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने सभी आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।

मौके पर सदर विधायक विजय खेमका, वार्ड पार्षद स्वपन घोष, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, पार्षद प्रतिनिधि ललनेश सिंह, मनोज साह, बहादुर यादव, मो. शकील सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं वार्ड संख्या 10, 11 और 12 के बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: