


पूर्णिया। जनसंपर्क और जनसेवा अभियान के तहत पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव रविवार को धमदाहा प्रखंड के उन परिवारों के बीच पहुंचे, जिन्होंने हाल ही में सड़क दुर्घटनाओं में अपने परिजनों को खो दिया है। सांसद ने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा साझा की, संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता प्रदान कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के मीरगंज नगर पंचायत अंतर्गत मिरमिलिक मुशहरी वार्ड संख्या-15 निवासी स्वर्गीय रामदेव ऋषि की कुछ दिनों पूर्व सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। सांसद पप्पू यादव उनके आवास पहुंचे और परिजनों से मिलकर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और साहस बनाए रखने का संबल दिया। इस दौरान सांसद ने मृतक की पत्नी को तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके बाद सांसद बघवा ग्राम के वार्ड संख्या-23 पहुंचे, जहां सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय मिथिलेश मल्लिक की असामयिक मृत्यु हो गई थी। मिथिलेश मल्लिक धमदाहा नगर पंचायत में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे और अपने परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा थे। उनके निधन से परिवार गहरे आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है। सांसद ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
मौके पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि किसी परिवार का युवा सदस्य असमय दुनिया छोड़ देता है तो उसकी क्षति की भरपाई कभी संभव नहीं हो सकती। ऐसे समय में समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहें और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर जरूरतमंद और दुखी परिवारों तक पहुंच रहे हैं, ताकि उन्हें यह एहसास हो सके कि वे अकेले नहीं हैं।
सांसद ने धमदाहा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर मिथिलेश मल्लिक के परिजनों को नियमानुसार मिलने वाले मुआवजे एवं अन्य सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्यायोचित सहायता दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे और प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक पहल करेंगे।
इस अवसर पर सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, कांग्रेस नेता कुमार दिवाकर सिंह, हरीश चौधरी, मानिक आलम, मो. साकिब, अशोक गुप्ता, प्रियांशु मंडल, ई. गौरीशंकर, गुड्डू यादव, संगम सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















