


पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र की बंगरा मोहदीपुर पंचायत में बुधवार को एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई। बंगरा चौक स्थित एक निजी क्लिनिक में क्लिनिक संचालिका डॉ. नूतन कुमारी की 13 वर्षीय पुत्री का शव दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
परिजनों के अनुसार बच्ची क्लिनिक परिसर में मौजूद थी। कुछ देर बाद उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और स्थानीय व्यापारिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल घटना को संदिग्ध मानते हुए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
















