


सीवान जिले के सराय थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक अधिवक्ता की बाइक को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके 12 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मटुक छपरा निवासी अधिवक्ता अनिल राम अपने पुत्र आयुष कुमार राम के साथ मोटरसाइकिल से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सराय थाना क्षेत्र में विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में 12 वर्षीय आयुष कुमार राम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
















