


बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में तीन दारोगा समेत चार लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन और परिवहन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की सघन जांच, ओवरलोडिंग की निगरानी और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन के कारण अब बड़ी संख्या में ट्रक और अन्य भारी वाहन वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने लगे हैं। इसका सबसे अधिक असर मंझौल–बखरी राज्य राजमार्ग पर देखने को मिल रहा है, जहां दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार खगड़िया और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले कई ट्रक चालक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच और कार्रवाई से बचने के लिए मंझौल, बखरी और ग्रामीण इलाकों से होकर गुजरने वाले राज्य मार्गों का सहारा ले रहे हैं। इससे पहले अपेक्षाकृत शांत रहने वाला यह मार्ग अब भारी वाहनों से लगातार व्यस्त रहने लगा है।
















