


पूर्णिया । पूर्णिया ईस्ट प्रखंड परिसर में आयोजित प्रखंड स्तरीय सहयोग सह जनकल्याण शिविर का बुधवार को सदर विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों एवं आवेदकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं पूर्णिया सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में विधायक विजय खेमका ने नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सहयोग शिविर के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके नजदीक ही सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनसेवा और विकास के 12 वर्ष पूरे हुए हैं तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता की सेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। इसके लिए प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविरों के साथ-साथ पंचायतों और नगर निगम वार्डों में भी लगाए जा रहे सहयोग शिविरों को प्रभावी बनाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरकार पंचायत और वार्ड स्तर तक पारदर्शी व्यवस्था विकसित कर रही है। सहयोग शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराया जाएगा तथा अधिकांश मामलों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर के दौरान बीपीआरओ द्वारा विधायक विजय खेमका का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। विधायक ने उपस्थित नागरिकों से जनकल्याण सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की तथा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने का निर्देश दिया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए। प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया गया।
















