5
(1)

पूर्णिया । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा सोमवार को पूर्णिया जिला मुख्यालय में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध तथा प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।

धरना कार्यक्रम का नेतृत्व राजद के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक दिलीप कुमार यादव ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन पूर्णिया महानगर अध्यक्ष सभी अहमद ने किया। वक्ताओं ने राज्य एवं देश की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

इस अवसर पर पूर्णिया विश्वविद्यालय छात्र राजद अध्यक्ष पीयूष पुजारा ने कहा कि आज देश और राज्य में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं और छात्रों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज स्थिति ऐसी हो गई है कि लगभग हर प्रतियोगी परीक्षा के बाद छात्रों को सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ता है, लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है।

पीयूष पुजारा ने कहा कि राज्य के सरकारी विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं से लेकर खाद्य सामग्री तक के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्णिया में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाएं प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती हैं।

पीयूष पुजारा ने भ्रष्टाचार और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विभागों में बिना रिश्वत के कार्य नहीं हो रहे हैं, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।

धरना कार्यक्रम में वक्ताओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भ्रष्टाचार पर रोक तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। कार्यक्रम में राजद के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, छात्र नेता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: