


पूर्णिया । आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा जिले के सभी 14 प्रखंडों में प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 18 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इसी क्रम में बुधवार को धमदाहा प्रखंड परिसर में प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को लेकर आवेदन जमा किए।
शिविर के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, धमदाहा ने प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए मौके पर ही कई मामलों का समाधान किया गया।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कुल 246 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 52 मामलों का तत्काल निष्पादन कर लाभुकों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। कई लाभुकों को सरकारी योजनाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी उपलब्ध कराई गई।
प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर को लेकर आम लोगों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। लोगों ने इसे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम बताया।
जिला प्रशासन ने कहा है कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।
















