5
(1)

पूर्णिया । आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा जिले के सभी 14 प्रखंडों में प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 18 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

इसी क्रम में बुधवार को अमौर प्रखंड परिसर में प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया और अपनी विभिन्न समस्याओं, शिकायतों तथा मांगों से संबंधित आवेदन जमा किए।

शिविर के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त सभी आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल की।

शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कुल 142 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 16 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लाभुकों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया। शिविर में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखकर समाधान की उम्मीद जताई।

प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर के आयोजन से आम जनता में संतोष एवं खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। लोगों ने इसे जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी कदम बताया।

जिला प्रशासन ने कहा है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने तथा जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: