


पूर्णिया । भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, पूर्णिया द्वारा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती निशा सिंह के निर्देशानुसार जिला कार्यालय बनभाग में “श्री अन्न (मिलेट) टिफिन बैठक” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कम ईंधन एवं कम समय में तैयार होने वाले श्री अन्न आधारित पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती संगीता वर्मन ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा पूर्णिया के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष रामनारायण मेहता, जिला मंत्री मीनाक्षी सिन्हा एवं सुनील भंसाली सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने श्री अन्न (मिलेट) के पोषण, स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मिलेट आधारित भोजन न केवल स्वास्थ्यवर्धक है, बल्कि कम संसाधनों में तैयार होने के कारण पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्री अन्न को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए लोगों से इसे अपने दैनिक आहार में शामिल करने का आह्वान किया।
बैठक में महिला कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रकार के मिलेट आधारित व्यंजनों का प्रदर्शन किया तथा उनके निर्माण और उपयोग के अनुभव साझा किए। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ पौष्टिक व्यंजनों का आदान-प्रदान भी किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। बैठक में महिला मोर्चा महामंत्री सोनिका पाहुजा, उपाध्यक्ष आरती जायसवाल, सुनीति सिन्हा, ललिता कुमारी सहित महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों की अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बहनें उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती संगीता वर्मन ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
















