


जिला स्तरीय कार्यशाला में विधायक ने किसानों से प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
पूर्णिया । जलालगढ़ स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में गुरुवार को प्राकृतिक खेती विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका शामिल हुए। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी ने विधायक का पौधा भेंट कर स्वागत किया। वहीं विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार ठाकुर, भाजपा प्रभारी जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह तथा अन्य अतिथियों का स्वागत कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया।
कार्यशाला में जिले के प्रगतिशील किसान, कृषि सखियां, कृषि समन्वयक, कृषि सलाहकार तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार किसान और कृषि क्षेत्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती समय की आवश्यकता है। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है, उत्पादन लागत कम होती है तथा पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य की रक्षा होती है। प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान कम खर्च में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं और उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
विधायक ने कृषि विभाग के अधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि सलाहकारों एवं कृषि समन्वयकों को निर्देश देते हुए कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से गांवों और खेतों में जाकर किसानों से संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा विपणन की आधुनिक व्यवस्थाओं की जानकारी देने के लिए प्रभावी पहल की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को समय पर खाद, बीज, कृषि यंत्र तथा प्राकृतिक खेती से संबंधित आवश्यक सामग्री सरकारी दरों पर उपलब्ध हो, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
विधायक ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र किसानों और वैज्ञानिकों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है। केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कम लागत में अधिक उत्पादन करने तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन का स्वरूप दें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण और उपजाऊ भूमि मिल सके। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र एवं जिला कृषि विभाग को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर भाजपा नेता सकलदीप राजपाल, राजेश गोस्वामी, बिनय साह, मनोज मोदी, सुनील सिंह, मुन्ना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















