5
(1)

पूर्णिया । आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने गुरुवार को पूर्णिया पूर्व अंचल स्थित आपदा सामग्री गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गोदाम में उपलब्ध पॉलिथीन शीट, तिरपाल तथा अन्य राहत सामग्रियों के भंडारण और रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न राहत सामग्रियों की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी सामग्री सुरक्षित एवं उपयोग योग्य स्थिति में रखी जाए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राकृतिक आपदा अथवा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर आम लोगों तक बिना किसी विलंब के राहत सामग्री पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग अलर्ट मोड में रहें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

डीएम ने गोदाम के स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रबंधन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को गोदाम तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया, ताकि आपातकालीन स्थिति में राहत सामग्री के परिवहन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत (भा.पु.से.), आपदा प्रभारी सह अपर समाहर्ता सुजय सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) प्रणव कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: