


पूर्णिया । आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने जवाहरलाल नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय, गुलाबबाग स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर एवं बेहतर तरीके से पूरी की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के लिए पूर्णिया जिला मुख्यालय में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बीबीएम उच्च विद्यालय, जिला स्कूल, अंचित साह उच्च माध्यमिक विद्यालय बेलौरी, राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, उर्स लाइन कॉन्वेंट कन्या उच्च विद्यालय, पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, राजा पृथ्वी चंद उच्च माध्यमिक विद्यालय, जवाहरलाल नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, आदर्श मध्य विद्यालय बेलौरी, आदर्श मध्य विद्यालय अनुपनगर बेलौरी तथा मध्य विद्यालय उफरैल शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि परीक्षा के दौरान गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा समयबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत (भा.पु.से.), अपर समाहर्ता रवि राकेश, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कोऑर्डिनेटर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियां की जा रही हैं।
















