


पूर्णिया । आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी 7 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में नगर सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने जवाहरलाल नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय, गुलाबबाग का निरीक्षण किया। इसी परिसर में 7 जुलाई को पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 37, 38, 39 एवं 41 के नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि संबंधित वार्डों के नागरिकों से पिछले एक माह से विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं, ताकि शिविर के दौरान उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान उपलब्ध हो।
जिलाधिकारी ने शिविर की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का भी निर्देश दिया। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से आम लोगों को राहत मिलेगी तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पात्र लाभुकों तक पहुंच सकेगा।
















