5
(1)

अवैध पार्किंग और यातायात नियम उल्लंघन के खिलाफ जिला परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई

सहरसा। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय द्वारा गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-106, 107 एवं 327ई, वैद्यनाथपुर रोड तथा गंडौल-बिरौल सड़क स्थित बलुआहा पुल के समीप विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध पार्किंग, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन संचालन और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में व्यापक कार्रवाई की गई।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश तथा जिलाधिकारी दीपेश कुमार के आदेश के आलोक में चलाए गए इस अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान सड़क किनारे खड़े 18 ट्रकों सहित कई भारी वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।

अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने वाहनों को केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों, ले-बाई, वे-साइड एमेनिटीज, पेट्रोल पंप, धर्मकांटा अथवा अन्य स्वीकृत स्थानों पर ही खड़ा करें। जिला प्रशासन ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बनती जा रही है, जिससे यातायात संचालन प्रभावित होता है और आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।

अभियान के दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के ऑटो रिक्शा एवं अन्य वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा हेलमेट, सीट बेल्ट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (पीयूसी), वाहन बीमा, निबंधन प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया।

जिला परिवहन विभाग ने गिट्टी, छड़, सीमेंट एवं अन्य निर्माण सामग्री के कारोबारियों को भी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि उनके ट्रक एवं भारी वाहन सड़क अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े नहीं होने चाहिए। वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित और अधिकृत स्थानों पर ही की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

जिला परिवहन पदाधिकारी सुजीत बरनवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि अवैध पार्किंग न केवल दुर्घटनाओं का कारण बनती है, बल्कि आम जनता के लिए भी परेशानी का सबब बनती है।

उन्होंने बताया कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर विशेष जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। अभियान में अपर जिला परिवहन पदाधिकारी जीशान अहमद, मोटरयान निरीक्षक तथा सभी प्रवर्तन अवर निरीक्षक सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: