


भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा शादी का झांसा देकर वर्षों तक यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पीड़िता, जो सन्हौला थाना क्षेत्र के बनियाडीह गांव की रहने वाली है, ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि देवकुंड गांव निवासी इम्तियाज आलम से करीब 10 वर्ष पूर्व उसके पिता के इलाज के दौरान परिचय हुआ था। समय के साथ दोनों के बीच संबंध प्रगाढ़ हो गए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
आवेदन में कहा गया है कि जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। हाल के दिनों में शादी की बात को लेकर दबाव बढ़ने पर आरोपी ने विवाह से इनकार कर दिया। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता की शिकायत पर सन्हौला थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने नियमानुसार पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, मायागंज भेजा, जहां आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है तथा न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
















