


समस्तीपुर, प्रतिनिधि। जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई चौक के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गढ़सिसई-मनियारपुर सड़क पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर बाइक से गढ़सिसई गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान गढ़सिसई गांव निवासी कैलाश राम के पुत्र राजू कुमार (19 वर्ष) तथा बनघारा गांव निवासी अरुण दास के पुत्र अमित कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही विद्यापतिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।













