


सीवान। जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव में विदेश से लौटे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिलने के बाद परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतक की पहचान लकड़ी गांव निवासी जैनुद्दीन के पुत्र कमरे आलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय पहले ही विदेश से अपने घर लौटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात कमरे आलम के मोबाइल पर एक फोन आया था। फोन आने के बाद वह बाइक लेकर घर से बाहर निकल गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। बाद में उसका शव घर से कुछ दूरी पर गांव में ही संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद परिजनों ने उसके शरीर पर कई गहरे चोट के निशान देखे। इसके बाद परिवार के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही लकड़ी नबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













