5
(3)


नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र के गांधी चौक निवासी राजकुमार साह की पुत्री साक्षी भारती ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी (आरडीओ) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। साक्षी को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

साक्षी भारती वर्तमान में मध्य विद्यालय झंडापुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर उन्होंने यह सफलता प्राप्त की है। साक्षी ने बताया कि विद्यालय की ड्यूटी पूरी करने के बाद जो भी समय मिलता था, उसका उपयोग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में करती थीं।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विशेष रूप से अपनी मां को दिया। साक्षी ने कहा कि परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।

साक्षी के पिता राजकुमार साह ने बताया कि उनकी पुत्री शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है। पढ़ाई के प्रति उसकी लगन और मेहनत हमेशा प्रेरणादायक रही है। उन्होंने कहा कि पुत्री के ग्रामीण विकास पदाधिकारी बनने से पूरे परिवार को गर्व की अनुभूति हो रही है।

माता संगीता देवी ने कहा कि बेटी की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए उन्होंने हमेशा उसका हौसला बढ़ाया और घर की जिम्मेदारियां स्वयं संभालीं। उन्होंने कहा कि साक्षी की सफलता पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण है।

शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो साक्षी ने वर्ष 2015 में रूंगटा बालिका उच्च विद्यालय, नवगछिया से 78 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद वर्ष 2017 में मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय से 71 प्रतिशत अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। उन्होंने इसी महाविद्यालय से अर्थशास्त्र ऑनर्स में स्नातक की डिग्री 72 प्रतिशत अंकों के साथ प्राप्त की।

वर्ष 2024 में साक्षी शिक्षिका के रूप में नियुक्त हुईं और वर्तमान में मध्य विद्यालय झंडापुर में अपनी सेवाएं दे रही हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और अंततः ग्रामीण विकास पदाधिकारी के पद पर चयनित होकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया।

साक्षी की इस उपलब्धि पर इंटरनेशनल खिलाड़ी जेम्स फाइटर सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: