


नवगछिया। रंगरा प्रखंड के सधुआ गांव की बेटी आरती कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से पूरे गांव, परिवार और ससुराल पक्ष में खुशी का माहौल है।
आरती कुमारी सधुआ गांव निवासी किसान बम बहादुर सिंह की पुत्री हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाली आरती ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। बताया जाता है कि उन्होंने 70वीं बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर 172वीं रैंक प्राप्त की है।
आरती की प्रारंभिक शिक्षा गांव स्थित दिनमनी सर के स्टूडेंट कैरियर टीचिंग प्वाइंट, सधुआ में हुई। बचपन से ही वह पढ़ाई में मेधावी थीं और अपनी कक्षा में हमेशा बेहतर प्रदर्शन करती थीं। परिवार और शिक्षकों का कहना है कि आरती ने कठिन परिस्थितियों में भी कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया।
आरती की सफलता पर उनके पिता बम बहादुर सिंह ने कहा कि बेटी ने वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है। वहीं गांव के लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरती की सफलता में उनके पति अमर कुमार महलदार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अमर कुमार महलदार कटिहार जिले के सेमापुर के निवासी हैं। आरती की सफलता की खबर मिलते ही उनके ससुराल में भी खुशी का माहौल है और परिजन एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं।
आरती की इस उपलब्धि पर मुखिया प्रतिनिधि मोती यादव, दिलीप सिंह, रघुवंश सिंह, राज किशोर आर्य, राजेंद्र पाल, सुमन सिंह, योगेंद्र यादव, समाजसेवी पंकज कुमार भारती सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि आरती कुमारी की सफलता गांव की बेटियों के लिए प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।















