


गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। बेलागंज थाना क्षेत्र के रामपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घायल बुजुर्ग की पहचान बेला स्टेशन निवासी गोविंद दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि हादसे में गोविंद दास के दोनों पैर टूट गए हैं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने NH-22 पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।













