


नवगछिया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बाल भारती विद्यालय, पोस्ट ऑफिस रोड, नवगछिया परिसर में शनिवार को भव्य एवं उत्साहपूर्ण योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज के लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष-सह-ट्रस्टी पवन कुमार सर्राफ, उपाध्यक्ष-सह-ट्रस्टी अजय रूंगटा, डॉ. बी.एल. चौधरी, सचिव अमय प्रकाश मुनका, संयुक्त सचिव प्रवीण केजरीवाल, सम्मानित सदस्य नरेश केडिया, विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह, प्रशासक डी.पी. सिंह, प्रचारक कौशल किशोर जायसवाल, लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं मारवाड़ी युवा मंच के प्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने योग प्रशिक्षक संजय मावंडिया के निर्देशन में विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर योग की उपयोगिता को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के दौरान ताड़ासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भी पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष-सह-ट्रस्टी पवन कुमार सर्राफ ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है।
वहीं उपाध्यक्ष-सह-ट्रस्टी अजय रूंगटा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को स्वस्थ एवं संतुलित बनाने की एक संपूर्ण पद्धति है। योग मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को विकसित करता है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों एवं महिलाओं से नियमित योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया।
















