


नवगछिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रंगरा प्रखंड में रविवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रंगरा पूर्वी मंडल अध्यक्ष गौरव कुमार सिंह की अध्यक्षता में नायडू पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में योग शिक्षक विदुशेखर झा ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की जीवनशैली है।
कार्यक्रम में शक्ति केंद्र प्रमुख राजन ठाकुर, जिला प्रवक्ता राकेश ठाकुर, मंडल महामंत्री प्रीतोष कुमार सिंह, नीरज कुमार, शिवम शांडिल्य व अन्य उपस्थित रहे।
योग दिवस कार्यक्रम के अंत में सबों ने नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।














