


नवगछिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नवगछिया योगा एकेडमी द्वारा सावित्री पब्लिक स्कूल, नवगछिया में आयोजित आठ दिवसीय योगा खेल शिविर का सफलतापूर्वक समापन किया गया। शिविर में बच्चों एवं खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस, योग एवं खेल संबंधी विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
समापन कार्यक्रम में जिला संयोजक घनश्याम प्रसाद, योग प्रशिक्षक धर्मचंद भगत, योग कोच सुमित साहू, ताइक्वांडो कोच संजय सिंह, आदित्य कुमार तथा जयंत राज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। खिलाड़ियों को सूर्य नमस्कार, पश्चिमोत्तानासन, भुजंगासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, शशकासन, ताड़ासन, अर्ध अष्टासन, हलासन, त्रिकोणासन तथा चक्रासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासन का नियमित अभ्यास कराया गया।
योग प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन एकाग्र तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
जिला संयोजक घनश्याम प्रसाद ने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही योग और खेल गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। इससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ जीवनशैली का विकास होता है।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने योग प्रदर्शन कर अपनी सीखी हुई तकनीकों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
















