


नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के मिल टोला में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मोहल्लेवासी काफी परेशान थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात चोरों ने एक घर तथा पंचमुखी हनुमान मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रात में स्वयं निगरानी शुरू कर दी थी।
मंगलवार सुबह साइकिल चोरी करने आए एक संदिग्ध युवक को मोहल्ले के लोगों ने पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का दावा है कि पूछताछ के दौरान युवक ने चोरी की कुछ घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी। इसके बाद लोगों ने उसे नवगछिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद युवक को चिकित्सीय जांच (मेडिकल) के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया। इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर अस्पताल परिसर से भागने का प्रयास किया। युवक के भागते ही अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिसकर्मी उसकी तलाश में जुट गए।
बताया जाता है कि युवक भागकर अस्पताल परिसर स्थित चिकित्सक आवास (कैंपस) में पहुंच गया, जहां आगे निकलने का कोई रास्ता नहीं था। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 10 मिनट के भीतर उसे घेरकर पुनः पकड़ लिया।
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में काफी हलचल रही, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण फरार होने का प्रयास विफल हो गया। पुलिस युवक से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
















